शासकीय कन्या आवासीय संस्कृत विद्यालय भोपाल

मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के अन्तर्गत संचालित महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान भोपाल प्रदेश में संस्कृत भाषा एवं साहित्य के अध्ययन से स्कूल शिक्षा प्रणाली को प्रोत्साहित, प्रोन्नत एवं संचालित करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। संस्कृत की शिक्षा की परम्परागतरीति से किये जा रहे अध्ययन को और अधिक उदेश्य पूर्ण बनाने के लिए संस्कृत पाठशालाओं के माध्यम से संस्कृत शिक्षा की पारम्परिक और आधुनिक पद्धतियों के मध्य लय स्थापित कर संस्कृत भाषा और साहित्य में सन्निहित ज्ञान, विज्ञता और दृष्टिशक्ति का प्रसार संस्थान के मुख्य उद्देश्यों में से एक है। विधि और विधायी कार्य विभाग द्वारा जारी मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) दिनांक 11 मई 2007 द्वारा जारी महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान अधिनियम 2007 में वर्णित संस्थान की शक्तियां और उनके कृत्य कण्डिका 5 (ग) में संस्थाओं, स्कूलों, विभागों अथवा विशिष्ट अध्ययन केन्द्रों की स्थापना करना, उसका संधारण करना एवं प्रबंध करने का अधिकार संस्थान को है। उपरोक्त उद्देश्यों की पूर्ति हेतु महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान की विद्यापरिषद की बैठक दिनांक 22.02.2017 के द्वारा प्रदेश का पहला शासकीय कन्या आवासीय संस्कृत विद्यालय भोपाल में प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।

विद्यालय का परिचय एवं उद्देश्य

शासकीय कन्या आवासीय संस्कृत विद्यालय, भोपाल का उद्देश्य प्रदेश की बालिकाओं को पारंपरिक भारतीय ज्ञान एवं आधुनिक शिक्षा पद्धति के समन्वय के साथ संस्कृत भाषा एवं साहित्य की गुणवत्तापूर्ण, निःशुल्क तथा करियर उन्मुख शिक्षा प्रदान करना है। विद्यालय में संस्कृत के साथ आधुनिक विषयों का अध्ययन भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे छात्राओं का सर्वांगीण विकास हो सके।

प्रवेश, शिक्षण एवं पाठ्यक्रम

विद्यालय में प्रवेशिका प्रथम वर्ष (कक्षा 1) से उत्तरमध्यमा (कक्षा 12) तक संस्कृत माध्यम से शिक्षा प्रदान की जाएगी। प्रत्येक कक्षा में 30 छात्राओं के प्रवेश की व्यवस्था होगी तथा कुल क्षमता 360 छात्राओं की रहेगी। प्रथम वर्ष में कक्षा 1, 6 एवं 9 में प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा पहली में प्रथम आवे–प्रथम पावे के आधार पर तथा कक्षा 6, 9 एवं 11 में पूर्व कक्षा के प्राप्तांक/ग्रेड के अनुसार मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश प्रदान किया जाएगा। कक्षा 5 से 12 तक महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान द्वारा अनुमोदित पाठ्यक्रम लागू रहेगा। कक्षा 1 से 4 तक सामान्य विषयों (हिन्दी, अंग्रेजी, गणित) के साथ संस्कृत विषय का अध्ययन कराया जाएगा।

छात्रावास एवं आवासीय सुविधाएँ

विद्यालय हेतु शासन द्वारा भूमि आवंटित कर भवन एवं छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। स्थायी भवन तैयार होने तक विद्यालय का संचालन ओल्ड आर.एम.एस.ए. छात्रावास, नूतन सुभाष शासकीय उ.मा. विद्यालय, टी.टी. नगर, भोपाल में किया जाएगा। छात्रावास का संचालन राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के निर्धारित मानकों के अनुसार होगा तथा छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं आवश्यक सुविधाएँ राज्य स्तर पर चयनित एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएँगी।